नारसन में बारिश के साथ तेज हवा के झोंको से गिरी गेंहू की फसल - संवाद
रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पकने के लिए तैयार गेहूं की फसल तेज हवा के झोंकों को झेल नहीं पाई और खेतों में बिछ गई है। फसल गिरने से दानों की गुणवत्ता और पैदावार दोनों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं सरसों की फसल जो इन दिनों कटाई के अंतिम चरण में है, बारिश के कारण प्रभावित हुई है। खेतों में रखी या कटी हुई फसल के भीगने से दानों के काले पड़ने और उनमें नमी बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। जिन किसानों ने हाल ही में गन्ने की बुआई की है, उनके लिए यह बारिश दोहरी चुनौती लेकर आई है। खेत में नमी बढ़ने से अनचाहे घासफूस और खरपतवार तेजी से उगेंगे। गीली मिट्टी के कारण ऊपरी परत पर पपड़ी पड़ने से गन्ने के जमाव पर असर पड़ सकता है।