रुड़की। रेलवे लाइन चटकने की सूचना से अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। रेलवे के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद लाइन को सही किया।
सर्दी के मौसम में लगातार रेलवे लाइन चटकने के मामले सामने आ रहे हैं। इसे लेकर रेलवे अधिकारी सतर्क हैं। रेलवे के अधिकारियों ने दिनरात पेट्रोलिंग करने के निर्देश दे रखे हैं ताकि समय रहते लाइन चटकने का पता लग सके। एक बार फिर इकबालपुर यार्ड में रेलवे लाइन चटकने का मामला सामने आया। रात में पेट्रोलिंग कर रहे पेट्रोलिंग मैन ने यार्ड में लाइन चटकी देखी और सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने मामले की सूचना मुरादाबाद कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही रुड़की रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही कर्मचारियों से रेलवे लाइन मरम्मत का काम शुरू करवाया। इस बीच यार्ड से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को रोक दिया गया। करीब आधा घंटे के बाद रेलवे लाइन सही होने पर यातायात शुरू किया गया। वहीं, रेलवे लाइन चटकने से नंदा देवी एक्सप्रेस, गाजीपुर-कटरा एक्सप्रेस और जम्मू जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं। रेल पथ निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया कि इकबालपुर यार्ड में लाइन चटकी थी। इसकी मरम्मत कराने के बाद यातायात सुचारु करवाया गया।
--------------
पेट्रोलिंग मैन की सूझबूझ रोक रही हादसे
सर्दी में रेलवे लाइन चटकने के मामले अधिक बढ़ जाते हैं। ऐेसे में सबसे अधिक जिम्मेदारी पेट्रोलिंग मैन के ऊपर आ जाती है। इकबालपुर यार्ड में पेट्रोलिंग मैन की सूझबूझ से हादसा होते हुए टल गया। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी पेट्रोलिंग मैन ने समय रहते रेलवे लाइन चटकने की सूचना अधिकारियों को देकर अपनी सूझबूझ का परिचय दिया है।