रुड़की। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड चार स्थित डेयरी से बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर पकड़ा गया है। जबकि मिल्क पाउडर, रिफाइंड के टिन और प्रतिबंधित इंजेक्शन भी टीम ने बरामद किए हैं। संयुक्त टीम की कार्रवाई से दिनभर डेयरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। डेयरी से बरामद सामान को जेसीबी की मदद से नष्ट करा दिया गया है।खाद्य संरक्षा वरिष्ठ अधिकारी योगेंद्र पांडे के मुताबिक त्योहारी सीजन पर मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। मुनाफे के चक्कर में खाद्य पदार्थों में मिलावट की जा रही है। जनहानि को ताक पर रखकर खाद्य पदार्थों में मिलावट हो रही है। जिनमें दूध, देसी घी, पनीर, मिठाई व अन्य पैकिंग के सामान शामिल है। खाद्य संरक्षा वरिष्ठ अधिकारी योगेंद्र को शिकायत मिली थी कि खंजरपुर में कब्रिस्तान के पास एक डेयरी है। जहां पर मिलावटी पनीर बनाया जा रहा है। इसके बाद तहसील प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह छह बजे डेयरी पर छापा मारा। करीब 30 से 40 मिनट तक चेकिंग और सैंपल लेने की प्रक्रिया चली। टीम ने डेयरी परिसर, छत, कमरे, बरामदे व अन्य जगहों का चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान दो क्विंटल पनीर ड्रम में रखा मिला। जबकि 50-60 रिफाइंड के खाली टिन और दो भरे हुए टिन, मिल्क पाउडर के आठ कट्टे, 74 ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद हुए। जिसके बाद खाद्य विभाग ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों को कब्जे में लेकर जेसीबी की मदद से नष्ट करा दिया। टीम में तहसील प्रशासन से लेखपाल पंकज राजपूत, तहसीलदार विकास अवस्थी और रुड़की कोतवाली से उप निरीक्षक एएस पंवार आदि मौजूद रहे।
प्रतिबंधित पशु इंजेक्शन बरामद
छापे के दौरान टीम को डेयरी और आसपास से प्रतिबंधित पशु इंजेक्शन बरामद हुए हैं। जो डेयरी में बंधे पशुओं को लगाए जा रहे थे। पशु चिकित्सक एसपी सिंह के मुताबिक डेयरी से जो इंजेक्शन बरामद हुए हैं वह प्रतिबंधित है। इन इंजेक्शनों को लगाने से पशु की मांसपेशियां ढीली हो जाती है। जबकि पशुओं में मोटापा बढ़ाने के अलावा वह गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त हो जाते हैं। इंजेक्शन लगने के बाद जो दूध निकलता है, वह भी जनमानस के लिए हानिकारक है।