उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन रोड़ ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ सोमवार को बैठक होने की संभावना है। बैठक के संबंध में संकेत मिले हैं लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि इकबालपुर शुगर मिल की संपत्ति का मूल्यांकन होने की जानकारी भी मिली है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि किसान मोर्चा का धरना 19 अगस्त से तहसील में जारी है। 21 अक्तूबर को एसडीएम चौक पर महापंचायत भी आयोजित की जा चुकी है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मोर्चा लगातार आंदोलन कर रहा है। सोमवार को भी रुड़की की पुरानी कचहरी में धरना जारी रहा।
चौधरी गुलशन रोड़ ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, तहसील और चकबंदी से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया सरल बनाने, नलकूपों पर फ्री बिजली समेत छह सूत्री मांगें उठाई गई है। मोर्चा को अन्य संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर चौधरी महाकाल सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहम्मद आजम, सुलेमान, चांदवीर मलिक, ओमवीर राठी, धर्मेंद्र चौधरी, सुनील कुमार, सिताब सिंह और ऋषिपाल आदि मौजूद रहे।