रुड़की और देहात क्षेत्र में बकरीद धूमधाम से मनाई गई। बकरीद पर खुदा की बारगाह में सिर झुुकाकर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गई। वहीं ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह पौने छह बजे से लेकर प्रात: साढ़े आठ बजे तक विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों और मदरसों में अदा की गई। रुड़की की प्रमुख जामा मस्जिद में मौलाना निसार अहमद ने नमाज अदा कराई। ईदगाह में मुफ्ती मोहम्मद सलीम ने नमाज अदा कराई। मौलाना ने ईद का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने और खुले में कुर्बानी न करने की अपील की। वहीं, ईदगाह चौक पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। इस मौके पर विधायक हाजी फुरकान अहमद, कांग्रेसी नेता रश्मि चौधरी, सचिन गुप्ता, ममतेश शर्मा, रजनीश शर्मा, ईश्वर लाल शास्त्री, मुजीब मलिक, सादात मसूद, हाजी मोहम्मद सलीम खान आदि मौजूद रहे।
शिविर लगाकर खिलाए सूखे मेवे
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ब्यूरो उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जैन एडवोकेट की ओर से ईद-उल-अजहा पर ईदगाह रोड पर शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ड्राई फ्रूट, मिश्री व सौंफ आदि खिलाकर मुस्लिम भाइयों को बधाई दी गई। शिविर में सुधीर चौधरी, अनुज, सचिन गोंडवाल, राजेश वर्मा, सुनील सैनी, नरेश कुमार नागियान, सुमित बिरला, डॉ. बीएल अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद
देहात में भी धूमधाम से मनाई गई ईद
ईद-उल-अजहा का त्योहार पिरान कलियर, मंगलौर, लक्सर, लंढौरा, झबरेड़ा आदि देहात क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। नमाज अदा कर लोगों ने देश में अमन चैन की दुआ की।
रविवार को नमाज मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर अदा की गई। कलियर दरगाह साबिर की साबरी जामा मस्जिद में हाफिज सऊद साबरी, नई बस्ती स्थित मरकज वाली मस्जिद में मौलवी आकिल, मुकर्रबपुर बड़ी मस्जिद में कारी दिलशाद, साबरी जामा मस्जिद में हाफिज इस्तिकार ने नमाज अदा कराई। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
उलेमाओं ने कहा कि कुर्बानी के वक्त कहीं पर भी गंदगी न फैलाएं। कुर्बानी के अवशेषों को गड्ढों में ही दबाया जाए। इस दौरान विधायक हाजी फुरकान अहमद, दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी, नगर पंचायत अध्यक्ष सखावत अली ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, मंगलौर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में ईद का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस दौरान विधायक सरवत करीम अंसारी, पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन सिद्दीकी ने सभी को ईद की बधाई दी। संवाद
डाडा जलालपुर में रहा पुलिस का कड़ा पहरा
बकरीद पर डाडा जलालपुर गांव में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। रविवार को क्षेत्र के ग्राम डाडा जलालपुर, रायपुर खेलपुर, सिसौना, खेड़ी शिकोहपुर में शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाया गया। वहीं, डाडा जलालपुर में बवाल की घटना को देखते हुए पुलिस का कड़ा पहरा रहा। इस दौरान गांव में पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहे। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाया गया। संवाद