ऊर्जा निगम की सतर्कता टीम ने मंगलौर क्षेत्र के मुंडलाना के अंतर्गत आने वाले गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने उपखंड अधिकारी लंढौरा, गुलशन बुलानी के नेतृत्व में छापे मारे। इस दौरान 24 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
विजिलेंस टीम को लंबे समय से मंगलौर क्षेत्र के अकबरपुर ढाढेकी, नगला चीना और नाथूखेड़ी गांवों में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभाग ने बुधवार को अचानक इन गांवों में दबिश दी। छापे के दौरान टीम ने पाया कि कई उपभोक्ता सीधे खंभों से कटिया डालकर या मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली का उपयोग कर रहे थे।
टीम ने मौके पर ही उपकरण जब्त किए और बिजली चोरी में संलिप्त 24 से अधिक उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। एसडीओ गुलशन बुलानी ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल राजस्व का नुकसान होता है बल्कि ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर फूंकने जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।