पुलिसकर्मी की ओर से एक दुकानदार को थप्पड़ मारने पर व्यापारी भड़क गए और हंगामा कर दिया। इनका आरोप है कि दुकानदार पंजाब से भटक कर पहुंची युवती की मदद कर रहा था। इसी बीच शराब के नशे में धुत्त पुलिसवाले ने थप्पड़ मार दिया। जबकि पुलिसकर्मी का कहना है कि अनजान युवती को दुकान में बिठाकर पूछताछ करने पर दुकानदार उनसे उलझ रहा था।
रविवार रात करीब दस बजे लक्सर ओवरब्रिज के नीचे एक युवती को लेकर दुकानदार और पुलिसकर्मी आपस में भिड़ गए। व्यापारियों का कहना था कि युवती ओवरब्रिज के नीचे घूम रही थी। इससे बात की गई तो वह पंजाबी में बात करने लगी। बातें समझ में नहीं आने पर युवती को एक दुकान पर बिठा दिया और पंजाबी समझने के लिए एक व्यापारी की पत्नी को बुलावा भेजा। इसी बीच एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने नशे की हालत में दुकानदार को थप्पड़ मार दिया। इससे मौके पर आसपास के व्यापारी एकत्रित हुए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया।
इस संबंध में पुलिसकर्मियों का कहना है रात के समय युवती को दुकान में बिठाकर पूछताछ करने पर दुकानदार, पुलिसकर्मियों से उलझ गया। इस पर पुलिसकर्मी ने दुकानदार को थप्पड़ जड़ा था। कुछ मोअज्जिज व्यक्तियों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। उसके बाद कोतवाली पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया। कोतवाल योगेंद्रपाल सिंह भदोरिया ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने शराब नहीं पी थी। परिजनों को बुलाकर युवती उनके सुपुर्द कर दी गई है।