लंढौरा क्षेत्र में किशोरियों की जबरन शादी कराए जाने की सूचना ने पुलिस को दौड़ा दिया। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच करने पर मामला फर्जी पाया गया। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने पुलिस को झूठी सूचना दी थी।
कंट्रोल रुम को सोमवार दोपहर के समय सूचना मिली कि जौरासी जबरदस्तपुर गांव में दो नाबालिग लड़कियों की शादी जबरन कराई जा रही है। इस सूचना को कंट्रोल रूम ने तुरंत वायरलेस सेट से फ्लैश कर दी। तुरंत ही कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस सूचना के आधार पर जौरासी जबरदस्तपुर गांव में पहुंची। वहां पर दो शादियां हो रही थीं, लेकिन जांच करने पर दोनों लड़कियां बालिग पाई गई। पुलिस पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि शादी उनकी सहमति से ही हो रही है। इसपर पुलिस लौट आई। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने पुलिस को यह झूठी सूचना दी थी।