पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर किसानों के नलकूपों के उपकरण चोरी करने की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने विद्युत उपकरण बरामद कर आरोपियों का चालान कर दिया है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भगतोवाली गांव निवासी साहिल अली ने जनरेटर का अल्टीनेटर चोरी होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई थी। वहीं झबरेड़ा निवासी संजीव सैनी ने नलकूप के कमरे की दीवार तोड़कर स्टार्टर व इनवर्टर की बैटरी चोरी होने की शिकायत झबरेड़ा थाने में दर्ज करवाई थी।
थाना अध्यक्ष अजय शाह ने किसानों की परेशानी देखते हुए चोरी का खुलासा करने के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनसे कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने किसानों की दोनों चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी का सामान भी बरामद करवाया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जनरेटर का अल्टीनेटर, विद्युत स्टार्टर व इनवर्टर की बैटरी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के नाम अंकुश व आलोक निवासी ग्राम अलावलपुर थाना भगवानपुर बताए हैं। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि किसानों के नलकूपों के विद्युत उपकरण की दो घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों का चालान कर दिया गया है।