लक्सर। कंकरखाता गांव में संरक्षित पशु के अवशेष बरामद होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश करने में जुटी है।
बीते चार सितंबर की रात को अज्ञात लोगों ने कंकरखाता गांव के समीप गन्ने के खेत में संरक्षित पशु का कटान किया था। आरोपी पशु का मांस अपने साथ ले गए थे। पांच सितंबर की सुबह खेत में पशु के अवशेष मिलने पर ग्रामीण और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटना पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक से मांस का नमूना सुरक्षित कराने के बाद अवशेष को निस्तारित करा दिया था। मामले में पुलिस ने रायसी चौकी प्रभारी राजीव उनियाल की ओर से अज्ञात के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है। शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।