कोतवाली पुलिस ने पिछले डेढ़ महीने से लापता दो बच्चों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
इंस्पेक्टर भगवान सिंह मेहर ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर निवासी सतीश कुमार ने 12 मार्च को तहरीर देकर बताया था कि 11 मार्च को 16 वर्षीय पुत्र अजय सैनी और उसकी बहन जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी बिना बताए कहीं चले गए थे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, दिल्ली और स्थानीय स्तर पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
बच्चों की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्हें तलाशना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने सोशल मीडिया, मंदिर-मस्जिदों से उद्घोषणा और पंपलेट का सहारा लिया। कड़े प्रयासों के बाद 23 अप्रैल 2026 को बच्चों को सकुशल ढूंढ लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के उप निरीक्षक संजय पूनिया ने बताया कि दोनों बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों में खुशी का माहौल है।