भिक्कमपुर जीतपुर गांव के राजेश हत्याकांड में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। हत्याकांड में आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून से सने कपड़े व मोबाइल फोन बरामद कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भिक्कमपुर जीतपुर गांव में नौ अगस्त की रात को साथ बैठकर शराब का सेवन करने के दौरान गांव निवासी दीपक और राजेश के बीच कहासुनी हो गई थी। पूर्व में हुए एक विवाद का हवाला देते हुए राजेश ने दीपक के पिता को अपशब्द कहते हुए उसे घर से निकल जाने को कहा था। इस पर आवेश में आए दीपक ने घर से डंडा लाकर राजेश के सिर पर हमला कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया था। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण हत्याकांड कर विवेचना कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि राजेश पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर मरणासन्न करने के बाद आरोपी दीपक उसका मोबाइल फोन भी उठाकर ले आया था ताकि वह किसी को फोन कर मदद न मांग सके।
पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून से सने कपड़े बरामद किए थे। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा मौके पर लगे एक सीसीटीवी में भी आरोपी डंडा लेकर मृतक के घर की ओर जाते नजर आया था। विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद अब मामले में आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।