रुड़की। हरिद्वार रग्बी एसोसिएशन की ओर से रुड़की स्थित सोनाली रग्बी ग्राउंड पर अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग की जिलास्तरीय रग्बी चयन प्रतियोगिता (ट्रायल) आयोजित की गई। इसमें जिले के करीब 105 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले 24 खिलाड़ियों को आगामी छठी स्टेट रग्बी चैंपियनशिप 2026 के लिए हरिद्वार जिले की टीम में जगह मिली है। चयनित टीम में 12 बालक और 12 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता पांच दिसंबर को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होगी। इसमें हरिद्वार जिले के चयनित खिलाड़ी अन्य जिलों की टीमों के साथ मुकाबला करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और वे अभी से बेहतर प्रदर्शन की तैयारी में जुट गए हैं। हरिद्वार रग्बी एसोसिएशन की सचिव दीपा सैनी ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ मैदान में उतरें व जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरिद्वार की टीम राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेगी।