पुलिस-प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद ग्रामीण इलाकों में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कों में गहरे गड्ढे बन चुके हैं। ग्रामीण इन गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पड़ने वाले सुल्तानपुर कस्बे से फूलगढ़, शिवगढ़, दुर्गागढ़ जाने वाले पांच किलोमीटर के रास्ते की हालत खस्ता है। रास्ता गड्ढों में तब्दील हो चुका है। बारिश के दिनों में ग्रामीणों को रास्ते से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान दुर्गागढ़ यशोदा देवी, हेमराज शर्मा, रामकुमार चौहान, कोमल, अमरीश, प्रदीप ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व सड़क का नवीनीकरण किया गया था। इसके बाद से यह सड़क गड्ढों में तब्दील होती चली गई।
सुल्तानपुर, फूलगढ़, शिवगढ़ होते हुए पथरी पहुंचने में काफी समय लग जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनरात इस रास्ते से ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। इसके कारण सड़क बदहाल हो गई है। वह कई बार ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और रास्ते को बनाने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
सड़क दो लोक निर्माण विभाग सर्किल में आती है। आधी सड़क हरिद्वार ग्रामीण और आधी सड़क लक्सर ग्रामीण क्षेत्र में आती है। लक्सर क्षेत्र में आने वाली सड़क का प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ओवरलोड वाहनों पर समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। जल्द ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।