जियारत के लिए लगी लंबी लाइन, सड़कों पर लगा रहा जाम
दरगाह पिरान कलियर में चल रहे साबिर पाक के 755वें सालाना उर्स के दौरान पड़ने वाली नाँचंदी जुमेरात पर बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंचेंगे। जायरीनों ने दरगाह इमाम साहब, किलकिली साहब, अब्दाल साहब, दरगाह गैब अली साहब की दरगाहों पर भी जियारत कर देश में अमनोअमान की दुआ की।
सालाना उर्स की पहली नौचंदी जुमेरात पर जायरीनों की भीड़ रही। इसके चलते साबिर पाक व अन्य दरगाहों पर भी जायरीनों की लंबी कतार लग गई। घंटों लाइन में खड़े होकर जियारत करनी पड़ी। कलियर में नौचंदी जुमेरात को हजारों लोग साबिर पाक की दरगाह पर जियारत करने के लिए आते हैं और मन्नतें मांगते हैं। चांद दिखने के बाद जो पहली जुमेरात आती है वह नौचंदी होती है। नौचंदी जुमेरात पर जायरीन दिल्ली, बरेली, पंजाब, रामपुर , मुरादाबाद, आगरा, नजीबाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत अन्य शहरों से बड़ी संख्या में पहुंचे। इससे पीपल चौक, गंगनहर पुल पर जाम की स्थिति बनी रही।