एक साल से जलभराव की समस्या का हल न होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के साथ ही समाधान की मांग के लिए प्रदर्शन भी किया। जिस पर मौके पर पहुंचे लेखपाल ने मामले का हल निकालने के लिए जांच शुरू कर दी है।
नगर से सटे गांव सरस्वती विहार सुनहरा में पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर पिछले एक साल से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। जलभराव से सड़क के भी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण लगातार नाला बनाकर पहले जलनिकासी और बाद में सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन एक साल में लोगों की समस्या को हल नहीं किया गया है। जिससे बृहस्पतिवार को लोगों के सब्र का बांध टूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने पहले तो तहसील मुख्यालय पहुंचकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित को ज्ञापन देकर समस्या का हल करने की मंाग की। इसके बाद ग्रामीणों ने वापस जलभराव स्थल पर पहुंचकर मांग को लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जलनिकासी लिए नाला निर्माण एवं टूटी पड़ी सड़क को ठीक करने की मांग की। ज्ञापन एवं प्रदर्शन करने वालों में मनमोहन सिंह, विजय कुमार, संजय कुमार, आशीष कुमार, प्रदीप कुमार, संगीता, कर्मवीर सिंह, बबलू, बिजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पटवारी राहुल देव ने मौके पर पहुंचकर जलभराव के समाधान के विकल्पों को देखा।