रुड़की। एक युवती के घर में घुसे एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस बीच जमकर हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची युवती ने युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। बाद में दोनों पक्षों में निकाह की सहमति बन गई और वह वापस लौट गए।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी एक युवक का गांव में ही मेडिकल स्टोर है। आरोप है कि मंगलवार की रात वह गांव की एक युवती के घर में घुस आया, जिसे पड़ोसियों ने देख लिया और उसे पकड़ लिया। इस बीच लोगों ने युवक से मारपीट कर दी। लोगों ने युवती से जानकारी ली तो उसने बताया कि वह जबरन घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां दोनों पक्षों के लोग भी पहुंच गए और युवती भी अपनी मां के साथ पहुंची। युवती ने कोतवाली में आरोप लगाया कि युवक ने दुष्कर्म किया है और वह नाबालिग है। पुलिस ने आधार कार्ड चेक किया तो उससे उम्र की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में पुलिस के सामने निकाह करने की सहमति बन गई। इसके बाद युवती और उसके परिजन बिना किसी कार्रवाई किए वापस लौट गए। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों में निकाह की सहमति बनी है।