सिजेरियन से बच्चा जनने वाली महिलाओं को शौचालय में बैठने में होती है दिक्कत
मरीजों व तीमारदारों ने टॉयलेट में पर्याप्त सफाई और हाईजीन न रखने पर जताई नाराजगी
नगर के सिविल अस्पताल में मरीजों को जनरल वार्ड के शौचालय में वेस्टर्न सीट न होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को झेलनी पड़ रही है, जिनके ऑपरेशन के चलते पैरों को मोड़कर बैठना मुश्किल होता है। हालांकि ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल में वेस्टर्न सीट के विकल्प के रूप में कमोड चेयर उपलब्ध कराई गई है। वहीं कई मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि कमोड चेयर के इस्तेमाल के बाद इनमें हाईजीन और साफ-सफाई बनाए रखना थोड़ा मुश्किल होता है, जिससे संक्रमण का खतरा बना रहता है।
गणेश चौक निवासी आशा देवी ने बताया कि बच्चे को सिजेरियन ऑपरेशन से जन्म देेने के बाद शौचालय में नीचे बैठने में परेशानी होती है। ऐसे में अस्पताल के शौचालयों में वेस्टर्न सीट लगवाई जानी चाहिए। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से कमोड चेयर की उपलब्धता पर आशा देवी का कहना है कि इन कमोड चेयर की हाईजीन और साफ-सफाई मेंटीनेंस पर कोई विशेष ध्यान नहीं रखा जाता है। ऐसे में इनका इस्तेमाल करने से संक्रमण का डर भी बना रहता है। लेकिन अन्य कोई विकल्प न होने पर मजबूरी में इनका इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इसके अलावा एक और तीमारदार मूर्ति देवी ने भी शौचालय में समय पर साफ-सफाई न होने की बात कही। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया अस्पताल की ओटी और कॉमन एरिया में दोनों तरह की सीट हैं। जनरल वार्ड में लोगाें को परेशानी हो रही है तो वहां भी जल्द वेस्टर्न सीट की व्यवस्था कर दी जाएगी।
-
कई यूरेनिल के निकासी निकले पड़े तो कही टोंटियों से टपक रहा पानी
- जनरल वार्ड के पुरुष शौचालय में मंगलवार करीब साढ़े बारह बजे वॉस बेसिन पर जहां लगातार टोंटी से पानी बहने से पानी की बरबादी हो रही थी। वहीं इसके बगल में महिला शौचालय में उसी समय कुछ तीमारदारों ने पानी न होने की समस्या बताई। इसके अलावा वेटिंग एरिया के पास बने पुरुष शौचालय की टॉयलेट सीट गंदी होने के साथ ही यहां मौजूद यूरेनिल के निकासी न होने से पूरे शौचालय में तेज दुर्गंध से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
-