ट्रेन की चपेट में आकर एक यात्री की टांग कट गई, लेकिन जीआरपी की संवेदनहीनता के कारण यह यात्री करीब एक घंटे तक स्टेशन पर ही तड़पता रहा। बाद में 108 एंबुलेंस के आने पर घायल को अस्पताल ले जाया जा सका। समय से उपचार नहीं मिलने और अधिक खून बह जाने के कारण यात्री की मौत हो गई।
लक्सर स्टेशन पर शनिवार रात काशीपुर निवासी जसवंत नाम का एक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका एक पांव कटकर अलग हो गया। घायल को जीआरपी ने तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय 108 एंबुलेंस का इंतजार करना बेहतर समझा जिसके कारण वह एक घंटे तक स्टेशन पर ही तड़पता रहा।
108 सेवा के आने के बाद यात्री को लक्सर सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन अधिक खून निकल जाने और गंभीर हालत के कारण चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद यात्री को हरिद्वार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने बताया कि जसवंत की देर रात हरिद्वार में मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।