ग्राहक को अपनी-अपनी दुकान में लाने के लिए चिकन शॉप के संचालक आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट हो गई। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इस पर पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची और शांतिभंग में चालान कर दिया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर चुंगी के पास चिकन की दो दुकानें हैं। सोमवार रात एक दुकान के बाहर ग्राहक पहुंचा था। इस पर पड़ोसी संचालक ने उसे अपनी दुकान पर बुला लिया। इसे लेकर दूसरे संचालक ने विरोध किया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई और मामला इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई जिससे दुकान के बाहर हंगामा हो गया। हंगामा होता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह पुलिस के सामने ही मारपीट करते रहे। इस पर पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि जमशेद निवासी गुलाबनगर रामपुर, रुड़की और दाऊद निवासी बिझौली, मंगलौर का चालान कर दिया गया है।