किसान को झांसा देकर दो ठगों ने उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। साथ ही किसान के खाते से 1.09 लाख रुपये निकाल लिए। नौ बार में यह रकम निकाली गई है। मोबाइल पर खाते से रुपये निकालने का मैसेज आने पर किसान को ठगी का पता चला। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खडंजा कुतुबपुर गांव निवासी सलीम हुसैन ने बताया कि वह आठ नवंबर को उसने लक्सर कस्बे में स्थित एक एटीएम 10 हजार रुपये निकाले थे। उसके मुताबिक वहां पहले से दो युवक खड़े हुए थे। किसान ने डेबिट कार्ड मशीन में स्वीप किया लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से पैसे नहीं निकले। इस पर एटीएम में मौजूद दोनों युवकों ने कहा कि आप दो-तीन बार ट्राई कीजिए आज सर्वर डाउन है लेकिन कई बार ट्राई करने के बाद भी पैसे नहीं निकले।
इसके बाद युवकों ने अपने आप भी डेबिट कार्ड लेकर पैसे निकालने का प्रयास किया लेकिन पैसे नहीं निकले। इसी बीच दोनों युवकों ने बेहद चालाकी से उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। परेशान होकर किसान शुगर मिल में किसी काम से चला गया। इसके बाद किसान के खाते से चार बार 10-10 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उसके बाद नौ हजार व सात हजार निकालने का मैसेज आया। किसान ने कार्ड ब्लॉक करा दिया लेकिन तब तक दोनों युवकों ने उनके खाते से 1.09 लाख रुपये निकल लिए थे और खाते का बैलेंस भी सौ से कम रह गया था। इस मामले में किसान के बेटे मोहम्मद तैय्यब ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।