लक्सर में ब्लड बैंक नहीं होने से तहसील क्षेत्र के 150 से अधिक गांवों के जरूरतमंद खून के लिए रुड़की और हरिद्वार पर निर्भर रहते हैं। कई बार इमरजेंसी में उन्हें 30 किमी से अधिक की दौड़ लगानी पड़ती है, तब मरीज की जान पर बन आती है। यहां प्रस्तावित मिनी ब्लड बैंक भी अब ठंडे बस्ते में चला गया है। ऐसे में ग्रामीण लक्सर में एक ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग उठा रहे हैं।
तहसील क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य का जिम्मा लक्सर, खानपुर सीएचसी और चंद्रपुरी, सुल्तानपुर, भिक्कमपुर व रायसी पीएचसी पर है। यहां बाकायदा सरकारी डॉक्टर तैनात हैं। दोनों सीएचसी में रोजाना महिलाओं की डिलीवरी भी होती है। वहीं, सड़क दुर्घटना में घायल लोग भी सीएचसी में उपचार कराते हैं। लक्सर और खानपुर क्षेत्रों में हर महीने लगभग एक दर्जन सड़क दुर्घटनाएं आम बात है। कई बार सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ब्लड की आवश्यकता पड़ती है। लक्सर सीएचसी में हर महीने महिलाओं के लगभग 150 प्रसव होते हैं। खानपुर में भी 50 महिलाओं की डिलीवरी होती है। सड़क दुर्घटना में घायल और महिलाओं की डिलीवरी के समय अधिकांश मामलों में ब्लड की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन लक्सर में ब्लड बैंक न होने के चलते रुड़की और हरिद्वार की दौड़ लगानी पड़ती है। ग्रामीणों ने शासन से लक्सर में ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग की है।
--
लक्सर और खानपुर देहात क्षेत्रों में लोगों को कई बार इलाज के समय ब्लड की आवश्यकता होती है, लेकिन लक्सर में ब्लड बैंक न होने के चलते बीमार के तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लक्सर में ब्लड बैंक स्थापित होना चाहिए।
-चौधरी महीपाल सिंह, प्रहलादपुर
--
प्रसव के दौरान महिलाओं को कई बार ब्लड की तुरंत आवश्यकता होती है, लेकिन तुरंत ब्लड न मिलने के चलते उनकी जान पर बन आती है। सरकार को जल्द से जल्द लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मिनी ब्लड बैंक स्थापित करना चाहिए।
-मनु मान पंवार, लक्सर
--
पुरकाजी वाया खानपुर लक्सर से हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग बन चुका है। हाईवे पर सड़क दुर्घटनाएं आम बात हैं। इसके लिए सरकार को लक्सर में ब्लड बैंक स्थापित करना चाहिए ताकि सड़क दुर्घटना में घायलों को जरूरत होने पर तुरंत खून मिल सके।
-मांगेराम पंवार, खानपुर
--
लक्सर से रुड़की और हरिद्वार काफी पर है। लक्सर के अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज को खून की जरूरत पड़ जाए तो दोनों शहरों से ब्लड लेकर आने में काफी समय बीत जाता है। सरकार को जल्द से जल्द लक्सर में ब्लड बैंक स्थापित कराना चाहिए।
-विजयपाल गुर्जर, ढाढेकी
--
पहले लक्सर में मिनी ब्लड बैंक बनना था, लेकिन वह किन्हीं कारणों के चलते नहीं बन पाया। अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री से इसकी उम्मीद है।
-डॉ. अनिल वर्मा, प्रभारी, सीएचसी लक्सर
--
लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को बहुत जल्द सिविल अस्पताल में उच्चीकृत करवाया जाएगा। सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य संबंधी तमाम सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
-संजय गुप्ता, विधायक, लक्सर