रुड़की। शहर और देहात क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा, लेकिन शाम को त्रयोदशी लगने से बृहस्पतिवार को भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। कोरोना को चलते पसरे सन्नाटे को तोड़ते हुए सोना-चांदी और वाहनों समेत इलेक्ट्रानिक बाजार में धनकुबेर प्रसन्न होकर बरसे। रुड़की में बृहस्पतिवार को ही दस करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है जबकि धनतेरस की असली खरीदारी आज शुक्रवार को होनी है। धनतेरस की खरीदारी के लिए बृहस्पतिवार को बीटी गंज, सिविल लाइंस, रामनगर, लालकुर्ती समेत सभी बाजार ग्राहकों से पैक रहे। इसके चलते जगह-जगह जाम भी लगा तो शारीरिक दूरी भी तार-तार हो गई, लेकिन ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। वहीं, जमकर कारोबार होने से कोरोना के चलते बाजार पर छाया मंदी का संकट भी दूर होता दिख रहा है।
--
सोना चांदी : दो दिनों में दस करोड़ की बिक्री का अनुमान
कोरोना काल में छाई मंदी को दूर करते हुए सराफा बाजार भी चहक उठा। ज्वैलर्स ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस बार धनतेरस दो दिन है। पहले दिन भी लोगों ने खरीदारी में भारी दिलचस्पी दिखाई दी है। एक नामी ज्वैलर्स के यहां बृहस्पतिवार को करीब 50 लाख रुपये के गहने और चांदी के सिक्के बिक गए। वहीं, इससे शुक्रवार को इससे भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शहर में आधा दर्जन नामी ज्वैलर्स हैं, जबकि छोटी-बड़ी 30 से अधिक दुकानें है। ऐसे में माना जा रहा है कि दो दिनों में सराफा बाजार में दस करोड़ से अधिक की बिक्री का अनुमान है।
--
आटोमोबाइल बाजार में भी बहार
धनतेरस पर घर में वाहन लाना शुभ माना जाता है। इसी के चलते लोगों ने वाहनों की जमकर खरीदारी की। दोपहिया और चौपहिया वाहनों की खरीदारी से आटोमोबाइल बाजार चहक उठा। अनुमान के मुताबिक, धनतेरस पर दो हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। इसी तरह चौपहिया वाहन भी एक हजार से ज्यादा बिके हैं। मारुति शोरूम के महाप्रबंधक संजीव सक्सेना ने बताया कि दो दिनों में 200 कारों की बिक्री हुई है। 100 कारें बृहस्पतिवार को ग्राहकों को दी गईं जबकि इतनी ही कारों की शुक्रवार के लिए बुकिंग है। यही हाल अन्य शोरूम का भी रहा। अमर होंडा के मालिक संजीव सिंघल ने बताया कि शहर में उनके दो शोरूम हैं। इनमें 200 वाहनों की बिक्री के लिए बुकिंग हुई है। इसी तरह हीरो, टीवीएस, बजाज और बुलेट के शोरूम से दोपहिया वाहन लोग घर ले गए। वहीं, आज इससे भी अधिक वाहनों की डिलीवरी का अनुमान है।
--
इलेक्ट्रानिक और कपड़ा बाजार में करोड़ों के वारे न्यारे
टीवी, फ्रीज, झालर, लड़ियां, एलईडी, वाशिंग मशीन समेत अन्य इलेक्ट्रानिक आइटम की जमकर खरीदारी हो रही है। शहर समेत देहात में दुकानों पर दोपहर से ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। दुकान स्वामी राजेश कुमार ने बताया कि ग्राहक एलईडी और वाशिंग मशीन ज्यादा खरीद रहे हैं। गीजर की भी बिक्री हुई है। सजावटी झालर और घरों में लाइटों से जलने वाले गिफ्ट आइटम भी लोग पसंद कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, धनतेरस पर बृहस्पतिवार को अच्छा कारोबार हुआ। आज और ग्राहकों के आने की उम्मीद है। वहीं, लोगों ने कपड़े और जूते भी खूब खरीदे।
--
70 लाख के मिठाई के कारोबार की उम्मीद
त्योहारी सीजन मिठाई की बिक्री में जबरदस्त इजाफा हुआ है। मिठाई विक्रेताओं ने दीपावली के लिए पूरी तैयारी कर ली है। इस बार जिलेभर में 70 लाख से अधिक की मिठाई के कारोबार की उम्मीद है। मिष्ठान भंडारों में अंजीर रोल, कटलस, डायमंड्स, बादाम कतली, भुजिया, पिस्ता, पान, गिलोरी अलग वैरायटी के रूप में बनाई जा रही हैं।
--
स्टील के बर्तनों की सबसे अधिक मांग
बर्तन कारोबारी गौरव सचदेवा ने बताया कि स्टील के बर्तन की डिमांड बढ़ी है। डिनर सेट, गिलास, थाली, चम्मच, लोटा, डोंगे, कटोरी की खरीद शुरू हो गई है। तांबे और पीतल के बर्तन भी ट्रेंड कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टील के अलावा नॉन स्टिक बर्तन भी डिमांड में हैं। इंडक्शन कूकर और कढ़ाई की भी अच्छी बिक्री हो रही है।