भगवानपुर। तहसील सभागार में बुधवार को मकान जनगणना पर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। तहसीलदार दयाराम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जनगणना सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार दयाराम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना का ऑनलाइन कार्य 24 मई तक हर हाल में पूरा किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में मकान जनगणना का कार्य लगभग 20 से 30 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है।
वहीं सुपरवाइजरों ने क्षेत्र में आ रही समस्याओं से तहसीलदार को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव के कारण कुछ लोग जनगणना अधिकारियों को सही आंकड़े उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। सूचनाएं साझा करने में हिचकिचाहट के चलते फील्ड में तैनात कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। तहसीलदार दयाराम ने आम जनता से अपील की है कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के लिए एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। जब भी जनगणना अधिकारी घर पहुंचें तो उन्हें सही और सटीक जानकारी देकर सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में समझाएं ताकि कार्य में बाधा न आए। बैठक में क्षेत्र के सभी गणना सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।