रुड़की। भारतीय किसान यूनियन तोमर के पदाधिकारियों ने रोशनाबाद स्थित सहायक आयुक्त शैलेंद्र सिंह से मुलाकात कर बकाया भुगतान जारी कराने की मांग की है। उन्होंने भुगतान जारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाकियू तोमर के जिलाध्यक्ष विकेश चौधरी ने कहा कि लिब्बरहेरी शुगर मिल का पेराई सत्र करीब डेढ़ माह से चल रहा है, लेकिन अभी तक वर्तमान पेराई सत्र का भुगतान भी नहीं हुआ है। इस कारण किसानों के सामने समस्या खड़ी हो रही है। ऐसे में वर्तमान पेराई सत्र का भुगतान जल्द से जल्द जारी किया जाना चाहिए। सहायक आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान गयूर हसन, मेहर इलाही, संजय बेनीवाल, अमित बेनीवाल, अरविंद, महाराज सिंह, प्रदीप कुमार, ऋषि पाल, शराफत, अभिषेक, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।
‘400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित हो गन्ना मूल्य’
रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बैठक आयोजित कर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार को उद्योगपतियों की सरकार बताया है। इस दौरान पदाधिकारियों ने गांव-गांव जाकर किसानों को कृषि कानूनों के प्रति जागरूक करने का भी एलान किया। उत्तराखंड किसान मोर्चा की एक बैठक भौरी गांव में आयोजित हुई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने कहा कि सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। उद्योगपतियों को चीनी का निर्यात करने पर सब्सिडी दी जा रही है, जबकि किसानों के हितों की बात की जा रही है। यदि सरकार वास्तव में किसान हितेषी है तो वह गन्ने का मूल्य कम से कम 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करें, जो चार साल से नहीं बढ़ा है। इस दौरान जितेंद्र मुखिया, मोहम्मद आजम, अब्दुल गनी, रमेश, सेवाराम, विनोद आदि मौजूद रहे।