रुड़की। भंगेड़ी गांव में सेना के गेट को तोड़ने, पथराव करने और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड़ के बयान दर्ज किए। इस दौरान रोड़ ने बताया कि विवाद वाले दिन वह घटनास्थल पर मौजूूद नहीं थे। उनका इस विवाद से कोई लेनादेना नहीं है। पुलिस ने उनके खिलाफ गलत मुकदमा दर्ज किया है।
रास्ते की मांग करते हुए भंगेड़ी गांव में शनिवार की रात ग्रामीणों की भीड़ ने सेना का गेट तोड़ दिया था। इतना ही नहीं, सेना के जवानों से मारपीट करते हुए हथियार छीनने का प्रयास किया था। साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ कर दी थी। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया था। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड़ निवासी बेलड़ी समेत ढाई सौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। सोमवार को इस मामले में पदम सिंह रोड़ कोतवाली पहुंचे और अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वह मौके पर नहीं थे। सेना विवाद से उनका कोई लेना देना नहीं है। पुलिस उनकी लोकेशन निकाल सकती है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। सेना की ओर से जो वीडियो दी गई है, उसकी जांच चल रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।