आईआईटी रुड़की में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 50 के पार पहुंच गया है। रविवार को भी तीन छात्राओं में कोरोना का पुष्टि हुई है। सभी को आईआईटी के गंगा भवन में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। वहीं, चार छात्रों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें हरिद्वार के मेला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सील किए गए तीनों हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। अब छात्र सुबह दस से रात आठ बजे के बीच परिसर से बाहर मात्र दो घंटे के लिए निकल सकेंगे। इसके लिए गेट पर समय नोट किया जा रहा है।
आईआईटी में बीते शनिवार को कई छात्रों के कोरोना संक्रमित होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोटले भवन, कस्तूरबा गांधी भवन और विज्ञान कुंज को सील कर दिया था। संक्रमित 41 छात्रों को आईआईटी परिसर स्थित गंगा भवन में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था। रविवार को सरोजनी भवन में भी तीन छात्राएं कोरोना संक्रमित मिलीं। इस हॉस्टल को भी सील कर दिया गया। बाकी छात्राओं को दूसरे हॉस्टल में शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसे में अब संस्थान में कोरोना संक्रमित छात्रों का आंकड़ा 44 पहुंच गया है। संस्थान की मीडिया सेल प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रों के अलावा कई फैकल्टी और स्टाफ के लोगों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। सेंटर में भर्ती चार छात्रों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें मेला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया है। आईआईटी की समिति ने सील किए गए तीन हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इसके बाद हॉस्टल से न कोई बाहर आ सकेगा और न ही किसी को प्रवेश दिया जाएगा। उधर, एसीएमओ डॉ. एचडी शाक्य ने बताया कि जिन छात्रों को कोविड केयर सेंटर में रखा गया है, उनका उपचार शुरू करा दिया गया है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले छात्र-छात्राओं के सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही हॉस्टलों को सैनिटाइज कराने के आदेश दिए गए हैं।
--
हॉस्टलों में पहुंचाई जा रहीं खाने सहित सभी सुविधाएं
आईआईटी में सील किए गए हॉस्टलों में ही खाने समेत सभी सुविधाएं छात्रों को मुहैया कराई जा रही हैं। आईआईटी की ओर से गठित समिति सभी व्यवस्थाओं पर नजर रख रही है। मोबाइल के माध्यम से छात्रों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रों को किसी भी प्रकार की शारीरिक दिक्कत होने पर चेकअप की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
--
संक्रमितों के संपर्क वालों को किया जा रहा क्वारंटीन
संक्रमितों के संपर्क में आने वाले छात्रों, फैकल्टी मेंबर और स्टाफ के लोगों को खोसला इंटरनेशनल गेस्ट हाउस और सीईसी सेंटर में क्वारंटीन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर सैंपल ले रही है।