यदि आपकी गली मोहल्ले में सफाई सुचारु रूप से नहीं हो रही है तो इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। सिर्फ एक कॉल पर आपकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस पर आप सफाई संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। 24 घंटे के भीतर शिकायत का निस्तारण होगा।
शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम रुड़की के स्वास्थ्य विभाग ने पहली बार हेल्पलाइन नंबर (8267906286) जारी कर एक अच्छी पहल की है। कार्यालय समय सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक किसी भी समय निगम क्षेत्र में आने वाले किसी भी गली मोहल्ले में यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है तो कोई भी व्यक्ति इस पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। सफाई निरीक्षक मनसा नेगी और अमित कुमार ने बताया कि हेल्प लाइन नंबर पर आने वाली शिकायत का 24 घंटे के भीतर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कहीं पर मक्खी मच्छरों के ज्यादा होने की शिकायत है तो वहां पर दवा के स्प्रे के लिए भी कॉल की जा सकती है।
इन शिकायतों के लिए 8267906286 करें कॉल
-सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़ा क्लेक्शन न किये जाने।
-कूड़ा क्लेक्शन गाड़ी के न आने।
-गली मोहल्ले में नालियों की सफाई न होने।
-गली मोहल्ले में झाडू न लगने।
-कीट नाशक दवाओं का छिड़काव कराने।
नालों की सफाई को बनाए छह गैंग
रुड़की। नगर निगम ने शहर के बड़े नालों की सफाई के लिए छह नाला गैंग बनाए हैं। नालों की सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। निगम के एसएनए उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सोलानीपूरम नाला, बाबपूरण रोड स्थित नाला, सपना टाकिज नाला, चावमंडी गौशाला नाला, उपकारागार मार्ग का नाला आदि की सफाई कराई जा रही है। 15 जून तक इन नालों की सफाई का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक नाला गैंग में 10-10 सफाई कर्मचारियों को रखा गया है।