लक्ष्मी विहार कॉलोनी नियर शनिदेव मंदिर के पास शेरपुर माजरा में नॉनवेज पार्टी के आयोजन के बाद खुले में कचरा फेंक दिया गया। नवरात्र में इस तरह की पार्टी पर कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार रात कॉलोनी में हंगामे के बाद बृहस्पतिवार को लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी में निर्माण कार्य से जुड़े एक व्यक्ति ने नॉनवेज पार्टी आयोजित की थी। आरोप है कि पार्टी के बाद बचा हुआ खाना खुले में फेंक दिया गया। अवशेष पड़े होने से लावारिस कुत्ते, चील और अन्य पशु वहां पहुंच रहे हैं। नवरात्र के मद़्देनजर लोगों का व्रत है और इस तरह की दुर्गंध से उन्हें ढेरों परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, खुले में कचरा पड़े रहने से आसपास के इलाके में दुर्गंध फैल रही है। इससे लोगों को घरों में रहना और सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। समस्या से नाराज होकर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी बृहस्पतिवार शाम कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और कॉलोनी में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस दौरान कोतवाल ने दोनों पक्षाें को समझाने की कोशिश की। वहीं कॉलोनी के लोगों का कहना था कि यदि ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो उच्चाधिकारियों के सामने यह मामला ले जाया जाएगा।