गंगनहर में डूबकर लापता आईआईटी रुड़की के एमबीए छात्र आशीष शुक्ला का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। जल पुलिस की टीम ने बोट के माध्यम से आसफनगर झाल तक सघन सर्च अभियान चलाया लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। एक दिन पहले गंगनहर में पानी का बहाव कम कराए जाने के बावजूद छात्र का पता नहीं चल सका। बता दें कि उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी आशीष शुक्ला विगत बुधवार शाम पैर फिसलने से गंगनहर में डूबकर लापता हो गया था। वह अपने दोस्तों के साथ नगर निगम पुल के पास गंगनहर किनारे घूमने गया था। दोस्तों ने उसे डूबते देख शोर मचाया और कपड़े डालकर बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज लहरों के कारण आशीष पानी में समा गया। तभी से उसकी गंगनहर में तलाश की जा रही है।