क्षेत्र के किसानों के सामने एक बार फिर यूरिया का संकट खड़ा हो गया है। कस्बे में स्थित बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति में कई दिनों से खाद की भारी किल्लत बनी हुई। समिति के गोदाम पूरी तरह खाली पड़े हैं। इसके कारण किसानों को वहां से निराश लौटना पड़ रहा है। खाद न मिलने से फसलों के खराब होने और उत्पादन गिरने का खतरा मंडराने लगा है। अमित, जयवीर, जितेंद्र, सुमित और अनिकेत आदि किसानों का कहना है कि वे दिन-रात सहकारी समिति के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन यूरिया (खाद) नहीं मिल पा रहा है। इससे किसान काफी परेशान है। समिति में खाद खत्म होने के कारण फसल पर संकट मंडरा रहा है। यूरिया खाद न मिलने से फसलें सूख रही हैं और उत्पादन कम होने की आशंका है। वहीं समिति के गोदाम प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जल्द ही यूरिया की खेप समिति पहुंचेगी।