लक्सर-कुआंखेड़ा मार्ग पर हमलावरों ने एक युवक पर लोहे की राॅड और लाठी-डंडों से घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। गंभीर अवस्था के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कुआंखेड़ा गांव निवासी अमित कुमार ने तहरीर में बताया कि उनका भाई टिंकू 16 सितंबर की दोपहर के समय लक्सर से बाइक से गांव लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर मौजूद 5 - 6 हमलावरों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद हमलावरों ने लोहे की राॅड और लाठी - डंडों से घेरकर उसकी पिटाई की।
राहगीरों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। टिंकू को स्थानीय अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की पहचान की जा रही है।