रुड़की-बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार रात करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें विपरीत दिशा से आ रहीं थीं। कांवड़ पटरी मार्ग पर आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारु कराया गया। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। उनकी शिनाख्त कराई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।