रायसी में राजमहल बैंक्वेंट हाॅल में बाइक सवार दो संदिग्धों ने फायरिंग कर दी। यहां मौजूद लोगों ने हाॅल के दरवाजे बंद करके खुद को बचाया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रायसी चैकी क्षेत्र के हबीबपुर गांव निवासी ओमपाल सिंह का रायसी में राजमहल बैंक्वेंट हाॅल है। ओमपाल सिंह ने बताया कि उनका एक मामला उच्च न्यायालय नैनीताल में विचाराधीन है। वह उसकी पैरवी कर रहे हैं। ओमपाल के अनुसार, वह आमतौर पर रोजाना ही रात के 10 बजे तक बैंक्वेंट हाॅल में रहते हैं। बुधवार रात वह हाॅल में थे।
इस दौरान लक्सर की ओर से बाइक पर दो व्यक्ति वहां आए और फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से हाॅल में मौजूद लोगों में हलचल मच गई। बाइक सवार व्यक्तियों को देखकर यहां रहने वाले एक शिक्षक ने हाॅल के दरवाजे बंद कर लिए। इसपर बाइक सवार मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।