पैसों के लिए बैंकों और एटीएम के बाहर लाइनों में लग रहे लोगों को इससे निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। अभी तक जहां आरबीआई से रुड़की एसबीआई को 40 करोड़ रुपये मिल रहे थे लेकिन, अब 100 करोड़ रुपये से अधिक मिलने जा रहे हैं। आज (एक जनवरी) से लोग एटीएम से साढे़ चार हजार रुपये निकाल सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 50 दिन तक नोटबंदी से परेशानी की बात कही थी। यह समय सीमा समाप्त होते ही अब आर्थिक तंगी दूर होने की आस जग गई है। बैंक के उच्च अधिकारियों के अनुसार सात सौ करोड़ की नगदी दो जनवरी को देहरादून पहुंच रही है। उसके बाद इस राशि को संबंधित बैंकों को वितरित की जाएगी। जबकि नोटबंदी के दौरान डेढ़ से दो सौ करोड़ की राशि ही देहरादून को मिल रही थी। उसके बाद इसे संबंधित बैंकों को बांटा जा रहा था। इससे रुड़की के हिस्से में मात्र 40 करोड़ रुपये ही आ रहे थे लेकिन, दो जनवरी को सात सौ करोड़ की राशि आने के बाद से रुड़की के हिस्से में सौ करोड़ रुपये से अधिक की राशि आ रही है। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
रद्दी हो गए 1500 करोड़ रुपये
रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में नोटबंदी के बाद से अब तक करीब 1500 करोड़ रुपये के पुराने नोट जमा कराए गए। 30 दिसंबर की समय सीमा खत्म होने के बाद अब बैंकों में हजार और पांच सौ रुपये के नए नोट स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक जयशंकर के अनुसार स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से जुड़े बैंकों में ही लगभग सात सौ करोड़ रुपये जमा हुए हैं। जबकि इससे अधिक राशि पीएनबी समेत निजी बैंकों में जमा कराई गई है।
एनआरआई जून तक जमा कर सकेंगे पुराने नोट
भले ही आमजन के लिए आरबीआई मेें पुराने नोट जमा करने की समय सीमा मार्च तक निर्धारित है। इसके लिए उन्हें शपथपत्र भी जमा करना होगा लेकिन, एनआरआई जून तक पुराने नोट जमा कर सकते हैं। इसके लिए आरबीआई की ओर से बैंकों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। शहर में आईआईटी रुड़की सहित कई राष्ट्रीय संस्थान हैं। इनमें काफी संख्या में एनआरआई रहते हैं। एसबीआई मुख्य शाखा में 300 से अधिक एनआरआई के खाते हैं।
स्वाइप मशीन से भी होगी निकासी
शहर में फिर से उपभोक्ता स्वाइप मशीन से बैंकों से निकासी कर सकते हैं। नोटबंदी के दौरान नगदी की तंगी को देखते हुए बैंकों ने यह सेवा स्थगित कर दी थी लेकिन, अब इसका संकट समाप्त होते ही इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। एसबीआई के मुख्य प्रबंधक जयशंकर का कहना है कि एटीएम कार्ड के जरिए उपभोक्ता बैंकों से निकासी कर सकते हैं। यह सेवा एसबीआई में चल रही थी लेकिन, नोटबंदी के बाद से इसे स्थगित किया गया था। अब इसे जल्द दुबारा शुरू किया जा रहा है।