बचाने आए पिता से मारपीट कर तमंचे की बट से किया हमला
गोली मारने का भी किया प्रयास, पांच पर मुकदमा दर्ज
कुछ लोगों ने घर में घुसकर युवती के साथ छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर युवती और उसके पिता से मारपीट कर तमंचे की बट से हमला कर दिया। इसमें पिता गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 16 अगस्त की रात करीब आठ बजे वह घर पर अकेली थी। इस बीच दो युवक घर में घुस आए और छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट कर दी। शोर मचाने पर दोनों युवक फरार हो गए। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों अपने तीन साथियों के साथ दोबारा घर में घुस आए और छेड़खानी कर दी।
शोर मचाने पर बचाने आए पिता के साथ युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से एक युवक ने पिता पर तमंचे से गोली चलाने का प्रयास किया लेकिन गोली नहीं चली। इस पर तमंचे की बट से पिता के सिर पर हमला कर दिया और धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उनकी तलाश की जा रही है।