आईआईटी रुड़की में पीएचडी कर रहे शोधार्थी मोहित कुमार की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की बड़ी बहन ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर मामले की गहन जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मोहित की मौत सामान्य नहीं बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
मोहित कुमार (34) निवासी गेठिया सेनेटोरियम, जिला नैनीताल, आईआईटी रुड़की में पीएचडी शोधार्थी थे। वह 6 मई 2026 की रात बिना किसी को जानकारी दिए आईआईटी परिसर से कहीं चले गए थे। इसके बाद उनकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 10 मई को उनका शव मंगलौर क्षेत्र में आसफनगर झाल के पास गंगनहर से बरामद हुआ था। उस समय कोतवाली मंगलौर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया था।
शनिवार को मृतक की बड़ी बहन रंजना आर्या कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने अपने भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए कई बिंदुओं पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब अब भी नहीं मिले हैं जिनका खुलासा होना जरूरी है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद रुड़की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस विभिन्न तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक मोहित कुमार की बहन की ओर से एक प्रार्थना पत्र मिला है। शिकायत में उठाए गए संदिग्ध बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट करने पर तीन लोग गिरफ्तार
रुड़की। मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के गणेशपुर वाल्मीकि बस्ती, रुड़की में आपसी विवाद और सालियर स्थित एक कंपनी परिसर में दंपति के झगड़े में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार ने बताया कि अनुज कुमार निवासी गणेशपुर वाल्मीकि बस्ती, रुड़की, आलोक कुमार और भूषण निवासी मदीवाला, थाना खानपुर को गिरफ्तार किया है। संवाद