रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठ
- फोटो : ROORKEE
समीक्षा बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की ओर से ऑनइलान राशन कार्डों की सही जानकारी नहीं दिए जाने पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के हर व्यक्ति के राशन कार्ड को ऑनलाइन कर उन्हें राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ राशन वितरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जगह-जगह से शिकायतें आ रही हैं कि राशन कार्डों में यूनिट कम दर्शाई गई है। कई बार चक्कर काटने के बाद भी लोगों के राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं। कृष्णानगर के लोग शिकायत कर रहे हैं कि राशन कार्ड से वंचित कई लोगों को राशन किट नहीं मिल पा रही है। विधायक ने पूर्ति निरीक्षक हिमांशु बर्त्वाल और संदीप कुमार को गांव में निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल ने बताया कि अब तक 3825 राशन किट बांटी जा चुकी है। पांच हजार राशन किट की डिमांड जिला प्रशासन को भेजी गई है। विधायक ने झबरेड़ा विधानसभा के 78 गांवों और नगर क्षेत्र के कृष्णानगर, सलेमपुर, मतलबपुर, प्रेम नगर, शिवपुरम, प्रीत विहार आदि क्षेत्रों के गरीबों तक राशन किट पहुंचाने की बात कही। साथ ही कहा कि शारीरिक दूरी का पालन कर खेती करने वाले किसानों को कोई समस्या न आने दी जाए।
बहादरपुर खादर की निलंबित दुकान सीधड़ू से अटैच
लक्सर। अनियमितताओं के चलते निलंबित की गई बहादरपुर खादर गांव की राशन की दुकान को सीधड़ू के राशन डीलर की दुकान से अटैच कर दिया गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने बुधवार से गांव में मुफ्त चावल की डोर टू डोर डिलीवरी शुरू करा दी है। कोरोना का केस मिलने के बाद बहादरपुर खादर गांव को सील किया गया है। इसी बीच राशन डीलर पर अनियमितता के आरोप लगने के बाद डीएसओ केके अग्रवाल ने लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद कोई डीलर गांव में राशन बांटने को राजी नहीं हो रहा था। अब आपूर्ति विभाग ने गांव की दुकान सीधड़ू के डीलर के साथ अटैच कर दी है। पूर्ति निरीक्षक ममता ग्वाड़ी ने बताया कि बुधवार से बहादरपुर खादर गांव में पांच किलो प्रति यूनिट के हिसाब से मुफ्त चावल वितरण शुरू करा दिया गया है। गांव में लगभग 800 कार्डधारकों को मुफ्त चावल दिया जाना है। बृहस्पतिवार को 300 परिवारों को घर-घर जाकर चावल उपलब्ध करा दिया गया है।
42 कार्डधारकों को नहीं मिला राशन, शिकायत
रुड़की। रहीमपुर गांव के 42 कार्डधारकों को राशन न मिलने पर युवाओं ने पूर्ति विभाग के कार्यालय में शिकायत की है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक ने इन लोगों से शुक्रवार को राशन लेने आने को कहा है। रहीमपुर गांव से बृहस्पतिवार को चार युवक जिला पूर्ति विभाग के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव के 42 लोगों को राशन की दुकान से राशन नहीं मिल पाया है जबकि इन लोगों के पास राशनकार्ड है। उन्होंने राशन आरोप लगाया कि राशन डीलर हर समय राशन खत्म होने की बात कहते हैं। पूर्ति निरीक्षक हिमांशु रावत ने शुक्रवार को 42 लोगों को राशन कार्ड लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में बुलाया है।