एक किशोर परिजनों को बिना बताए हल्द्वानी में रहने वाले अपने दोस्त से मिलने के लिए घर से निकल गया। किशोर से संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने किशोर को बनभूलपुरा से सकुशल तलाश कर लिया।
लक्सर कोतवाली के बाड़ीटीप गांव निवासी महेंद्र सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर बताया कि उनका 14 वर्षीय पुत्र 23 सितंबर को परिजनों को बिना कुछ बताए अचानक घर से चला गया था। देर शाम तक उसके नहीं लौटने पर परिजन ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
काफी प्रयास के बावजूद उससे संपर्क नहीं होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। किशोर के लापता होने की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने किशोर की लोकेशन की जानकारी निकालने के साथ ही अन्य थानों से भी संपर्क किया। इस दौरान किशोर को नैनीताल के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से तलाश कर लिया गया।
कांस्टेबल वीरेंद्र बनोला और विनय थपलियाल उसे बरामद कर वापस लेकर आए। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह हल्द्वानी में रहने वाले अपने दोस्त से मिलने के लिए घर से निकला था। इस दौरान भटककर वह बनभूलपुरा पहुंच गया। किशोर को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।