रानीपुर कोतवाली के अंतर्गत गढ़मीरपुर निवासी लापता युवक का शव एक सप्ताह बाद रुड़की क्षेत्र में गंगनहर आसफनगर झाल से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अश्वनी (28) पुत्र जैमिनी निवासी गढ़मीरपुर 15 फरवरी से लापता था। खोजबीन के बाद परिजनों ने रानीपुर कोतवाली में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस मामले की पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान बृहस्पतिवार को दोपहर बाद किसी ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को आसफनगर झाल पर शव की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। आसपास के थानों में जांच के बाद मालूम चला कि रानीपुर कोतवाली में एक युवक की गुमशुदगी दर्ज है। इसके बाद सूचना पर परिजनों ने पहुंचकर शव का शिनाख्त की। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार अश्वनी ने एमसीए था।
... तो प्यार में युवक ने दी जान
पुलिस के अनुसार युवक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर उसकी अनबन हुई थी। यही नहीं युवती ने शादी से इंकार कर दिया था। यही कारण है कि उसने गंगनहर में कूदकर जान दे दी।