नकाब लगाकर पहुंचे चार हथियारबंद बदमाशों ने निर्माणाधीन बिजली घर में काम करने वाले मजदूरों को बंधक बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये का सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाश मजदूरों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों से घटना की जानकारी ली।
भगवानपुर क्षेत्र के सिकंदरपुर भैंसवाल में बिजली घर का निर्माण चल रहा है। इसका ठेका पद्मावती इंफेक्शिन कंपनी ने लिया हुआ है। कंपनी की ओर से बिजली घर निर्माण के लिए मजदूर लगे हैं। मंगलवार शाम काम के बाद मजदूर खाना खाकर परिसर में बने कमरों में जाकर सो गए। रात करीब 12 बजे हथियारबंद चार बदमाश बिजली घर में घुस आए और हथियारों के बल पर हरिशंकर, गोपाल, मोहन, अनिल, गुड्डू, प्रमोद, ओमप्रकाश निवासी हिटररा गांव, थाना बर्रा चौक कानपुर और मीनाजर व अरुण निवासी मुरादाबाद को बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मजदूरों के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिसमें हरिशंकर घायल हो गए। बदमाशों ने सभी धमकाते हुए कमरे में बंद कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने हरिशंकर से सात हजार, अनिल से तीन हजार, गुड्डू, मोहन से साढ़े चार सौ रुपये छीन लिए।
बदमाशों ने सभी के मोबाइल भी ले लिए और नीचे एक जगह रख दिए। इसके बाद बिजली घर परिसर में रखे केबिल, पैनल, टूल्स, सीलिंग फैन, ट्यूब लाइट, ड्रिल मशीन, कटिंग मशीन समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद मजदूर शोर मचाते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुना। सुबह करीब सात बजे कुछ कर्मचारी ड्यूटी के लिए फैक्टरी जा रहे थे। शोर सुनकर उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला और मजदूरों को बाहर निकाला। मजदूरों ने कर्मचारियों को सूचना दी। वहीं, सूचना मिलते ही एसओ संजीव थपलियाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मजदूरों से जानकारी ली। मजदूरों ने कंपनी के मैनेजर मनीष मीना को भी घटना की जानकारी दी। एसओ संजीव थपालियाल ने बताया कि तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा।
घटना के बाद से सहमे मजदूर
बिजली घर में मारपीट और लूट के बाद सभी मजदूर सहमे हैं। उनके चेहरे पर दहशत साफ देखी जा सकती थी। मजदूरों ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाश सभी मजदूरों के मोबाइल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
आसपास के खंगाले जा रहे कैमरे
निमार्णाधीन बिजली घर में लूट के बाद पुलिस में खलबली मची है। पुलिस बदमाशों की तलाश के लिए आसपास फैक्टरियों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही मजदूरों से बदमाशों की बोलचाल और हुलिए के बारे में भी जानकारी ले रही है। इसके अलावा पुराने अपराधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
...तो ट्रक से आए थे बदमाश
मजदूरों ने बताया कि लूट से पहले बदमाश उन्हें जब एक कमरे में बंद कर रहे थे, तब उन्होंने बिजली घर के बाहर एक वाहन खड़ा देखा था, लेकिन वह साफ नहीं दिखाई दे रहा था कि कौन सा है। मजदूरों ने बताया कि वाहन पर काली पन्नी जैसा कुछ पड़ा हुआ था। ऐसे में पुलिस शक जता रही है कि बदमाश लूट के लिए कोई ट्रक या डीसीएम लेकर आए होंगे।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
जिस तरह बदमाशों ने निर्माणाधीन बिजली घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने बिजली घर की पहले रेकी की होगी। रेकी के दौरान उन्होंने बिजली घर में कितने मजदूर काम कर रहे हैं और कितने रात को यहीं पर सोते हैं, इस संबंध में पूरी जानकारी जुटाई होगी। इसके बाद तसल्ली से पूरे बिजली घर को खंगाला।