दिमागी बुखार से मंगलवार देर रात ढांढेकी ढाणा गांव के प्रधान के भतीजे की मौत हो गई है। इससे गांव में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
लक्सर क्षेत्र के ढांढेकी ढाणा गांव के मौजूदा प्रधान अमित चौधरी के 15 वर्षीय भतीजे प्रियांशु की कुछ दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी। पहले तो परिजनों ने उसे रुड़की के एक निजी अस्पताल में दिखाया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर प्रियांशु को देहरादून रेफर कर दिया। कई दिनों तक प्रियांशु का हिमालयन अस्पताल में इलाज चला। मंगलवार देर रात प्रियांशु की हालत ओर खराब हो गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रधान अमित चौधरी ने बताया कि डाक्टरों ने प्रियांशु को दिमागी बुखार बताया था। इससे उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। देर रात उसकी मौत हो गई है। मौत से गांव में मातम का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों का सांत्वना देने के लिए बुधवार को दिनभर तांता लगा रहा।
डेंगू के दस नए मरीज
शहर और आसपास के क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिविल अस्पताल रुड़की में खून जांच के दौरान बुधवार को दस से अधिक मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी डेंगू की मरीजों की भरमार है।