क्षेत्र के तेलपुरा-बंजारेवाला मार्ग पर लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सड़क पर झुंड बनाकर घूम रहे कुत्तों से स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्तों के आक्रामक होने के कारण मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से लावारिस घूम रहे कुत्तों को पकड़कर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
ग्रामीण संदीप, राजू, हरीश कुमार, सोनू आदि ने बताया कि सुबह स्कूल जाने और छुट्टी के बाद घर लौटते समय बच्चों में सबसे ज्यादा डर बना रहता है। कई बार कुत्ते अचानक बच्चों के पीछे दौड़ने लगते हैं। इस डर से छोटे बच्चे अकेले स्कूल आने-जाने से डर रहे है। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। लावारिस कुत्तों की समस्या केवल स्कूली बच्चों तक सीमित नहीं है।
सड़क से गुजरने वाले बाइक सवारों के पीछे भी कुत्ते दौड़ रहे हैं। इस कारण कई बार बाइक सवार चालकों का संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल तक हो गए है। लावारिस कुत्तों के डर से लोगों को सड़क पर चलते समय हर समय सतर्क रहना पड़ता है। लोगों का कहना है कि लावारिस कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण करने और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।