दामाद, देवर और जेठ पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के कुमराडी में बेटी की ससुराल गए माता-पिता के साथ ससुराल पक्ष की ओर से मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्सर थाना क्षेत्र के डोसनी गांव निवासी सुखपाल ने शनिवार को कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने बेटी राजकुमारी का विवाह कुमराडी निवासी रामपाल के बेटे सचिन के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद सचिन, देवर अंकित और जेठ पिंकू मिलकर बेटी से मारपीट करते आ रहे हैं। सुखपाल के अनुसार, बीते दो अप्रैल को जब वह बेटी को लेने कुमराडी गए थे तो दामाद और उसके भाइयों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी विरोध करने पर आरोपियों ने उसके और उसके साथ गई उसकी पत्नी बबली को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया व जान से मारने की धमकी भी दी है। फिलहाल उसकी बेटी मायके में ही रह रही है। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के बाद कराए गए मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट भी पुलिस को सौंपी है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है जांच की जा रही है।