कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका की संपत्ति को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है।
मंगलौर निवासी रिजवान ने बताया था कि वह नगर पालिका में जेसीबी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। कुछ दिन पूर्व लिब्बरहेड़ी मार्ग स्थित नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण स्थल में खड़े ट्रैक्टर और जेसीबी से बैटरियां, मोटर, गियर बॉक्स, चैन की गरारी और एक बड़ा जैक चोरी कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया था। टीम ने सीसीटीवी खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मंगलवार रात एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अलीशान राव निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान बहादराबाद हरिद्वार के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई ट्रैक्टर की दो बैटरी, एक जेसीबी बैटरी, 2 गियर बॉक्स, 2 चैन की गरारी और 1 बड़ा जैक बरामद हुआ। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज किया।