पुलिस ने पिछले दो साल से लगातार फरार चल रहे और कई जिलों व राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने 10 हजार के इनामी कार चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी व वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। कोर्ट की पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
10 मई 2024 को शाकिब निवासी गांव सिकरोडा भगवानपुर ने तहरीर देकर बताया था कि अलीशान ने उससे और उसके परिचित परवेज अली से तीन लग्जरी कारें किराए पर ली थीं। आरोप था कि अलीशान ने धोखाधड़ी करते हुए तीनों कारें वापस नहीं कीं। जब उन्होंने अपनी गाड़ियां मांगीं तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
तहरीर के आधार पर भगवानपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर केस की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान को सौंपी थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से अलीशान गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसके मूल निवास और संभावित स्थानों पर कई बार दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
उसकी लगातार फरारी और शातिराना अंदाज को देखते हुए उस पर 10 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया था। पुलिस के मुताबिक अलीशान बेहद शातिर किस्म का अंतरराज्यीय ठग है। उसकी तलाश कई जिलों की पुलिस को थी। सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को अलीशान निवासी ग्राम तेल्लीवाला डोईवाला देहरादून को टैक्सी स्टैंड बदरपुर बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार इनामी पर कार चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं।