लकड़ी माफिया ने आम का बाग रातों-रात काटकर साफ कर दिया। उद्यान विभाग के अधिकारियों को इसका पता भी नहीं लगा। अब शिकायत मिलने पर विभाग ने बाग मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
अमरपुर काजी के पास रेलवे लाइन के बराबर में एक आम का बाग है। लकड़ी माफिया ने मंगलवार की रात में बाग में खड़े सारे हरे पेड़ों को काटकर ठिकाने लगा दिया। इतना ही नहीं माफिया ने काटे गए पेड़ों की जड़ों को भी निकाल दिया और ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर डाली। जिससे बाग का नामों-निशान ही मिट गया। चुनाव में व्यस्त उद्यान विभाग को इसका पता भी नहीं लगा। लेकिन बुधवार की सुबह पर्यावरण प्रेमियों की ओर से मामले की शिकायत उद्यान विभाग से की गई तो विभाग हरकत में आया। उद्यान विभाग के कार्यालय से नसीम को मौके पर जांच करने के लिए भेजा, जिसने मौके पर जांच शुरू कर दी। कर्मचारी नसीम ने बताया कि आम का बाग काटा गया है। इसकी पुष्टि हो चुकी है। जिसकी कोई परमिशन विभाग की ओर से नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया खेत किसका है बस इसका पता किया जा रहा है। इसका पता लगते ही बाग मालिक के खिलाफ जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की जाएगी।