रुड़की। रुड़की-लक्सर मार्ग स्थित ढंडेरा गौतम फार्म हाउस में लोहड़ी और मकर संक्रांति मनाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। संस्था के संचालक डॉ. ब्रजमोहन शर्मा, संयोजक अंकुर गौतम और तरुण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खानपुर विधायक उमेेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में 852 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया है। एक ही पंडाल के नीचे 310 मुस्लिम बेटियों का निकाह और हिंदू बेटियों का विवाह कराया गया है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के अपने विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से खानपुर को पुरकाजी टू-लेन और हरिद्वार फोरलेन एक्सप्रेस वे की सौगात मिली। खानपुर में जल्द ही सिडकुल की स्थापना भी की जाएगी ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। उप-जिला अस्पताल का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है जिससे अब मरीजों को इलाज के लिए भी बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।