मौहम्मदपुर कुन्हारी गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मिड-डे-मील में छिपकली निकलने पर अध्यापिकाओं ने पूरा खाना बाहर फेंकवा दिया। भनक लगते ही कुछ बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंचे और हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे परिजनों को शांत कराया।
बुधवार को मौहम्मदपुर कुंहारी गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे-मील बनने के बाद जैसे ही भोजन माता बच्चों को भोजन परोसने लगी तभी कक्षा तीन की छात्रा मुमताज के भोजन में छिपकली नजर आई। भोजन में छिपकली देखते ही इसकी जानकारी अध्यापिका को दी गई। अध्यापिकाएं तुरंत मौके पर पहुंची और पूरा खान बाहर फेंकवा दिया। उसके बाद मुमताज घर पहुंची और इसकी जानकारी परिजनों को दी। इस पर परिजन विद्यालय पहुंचे और स्कूल पर भोजन बनाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अध्यापिकाओं और भोजन माताओं को मिड-डे-मिल के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए गुस्साए परिजनों को किसी तरह शांत किया। प्रधानाध्यापिका अनीता का कहना है कि मुमताज जो अचार घर से लेकर आई थी उसमें छिपकली निकली है।