मोबाइल पर सुल्तान फिल्म देखने के बाद सलमान खान की एक्टिंग करने के फेर में एक बच्चे की टांग टूट गई। परिजनों ने उसे पहले पास के अस्पताल में दिखाया। बाद में उसे रुड़की के एक अस्पताल में भरती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम सुल्तानपुर कस्बा निवासी एक ही परिवार के चार-पांच बच्चे राशिद, सुहैल, वसीम और अकरम मोबाइल फोन पर सुल्तान फिल्म देख रहे थे। फिल्म देखने के बाद जोश में भरे बच्चे सलमान खान की एक्टिंग करने लगे। इतना ही नहीं चारों बच्चों ने घर के पास पड़ी भूमि में मिट्टी खोदकर अखाड़ा बना लिया।
इसके बाद सलमान खान का एक्शन करते हुए एक दूसरे पर वार करने लगे। राशिद भी सलमान खान का एक्शन करते हुए सामने खड़े सुहैल पर उछल पड़ा और वापस जमीन पर गिरा, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई। मामले की जानकारी पास खड़े बच्चों ने राशिद के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और रोते बिलखते बच्चे को कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए जहां से डाक्टर ने घायल बच्चे को रुड़की के लिए रेफर कर दिया। उसे रुड़की के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।